UP: मैनपुरी के भोगांव में एक्टर श्रेयस तलपड़े सहित 12 पर एफआईआर, करोड़ों की धोखाधड़ी में मामला दर्ज

टीम भारत दीप |
अपडेट हुआ है:

अभिनेता श्रेयस तलपड़े भी कंपनी से जुडे़ हैं।
अभिनेता श्रेयस तलपड़े भी कंपनी से जुडे़ हैं।

गोलमाल जैसी मशहूर फिल्मों में काम कर चुके बॉलीवुड अभिनेता श्रेयस तलपड़े भी कंपनी से जुडे़ है। इसके अलावा अन्य लोग भी बॉलीवुड से जुड़े हुए हैं। सभी को कंपनी में अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। कंपनी पर इससे पहले भी कई प्राथमिकी दर्ज है, जिसमें जिला जालौन व अन्य जिले शामिल हैं।

मैनपुरी। अभिनेता राजपाल यादव चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में हैं। उनका मामला मीडिया में वायरल ही है कि अब उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में बॉलीवुड अभिनेता श्रेयस तलपड़े पर एफआईआर का मामला सामने आया है। इस मामले में कुल 12 लोगों पर एफआईआर हुई है। मामला अच्छे रिटर्न का लालच देकर ठगी का बताया जा रहा है।  

बताया गया है कि महाराष्ट्र के मुंबई में संचालित एलयूसीसी बैंक की शाखा 2015 में भोगांव कस्बे में खोली गई थी। यहां लोगों को अच्छे रिटर्न का लालच देकर निवेश कराया गया। जब पैसे वापसी का समय आया तो वापस नहीं मिले। इंतजार करते करते 2024 में बैंक बंद हो गई। ठगी के शिकार लोगों ने थाना पुलिस से कार्रवाई की मांग की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित न्यायालय की शरण में चले गए और न्यायालय के आदेश पर एफआईआर दर्ज हुई।

भोगांव के मोहल्ला मिश्राना निवासी विकास तिवारी की ओर से न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया गया। विकास का आरोप है कि सागा ग्रुप के संचालक समीर अग्रवाल और उनकी पत्नी सानिया अग्रवाल निवासी नवी मुंबई द्वारा महाराष्ट्र में संचालित एलयूसीसी बैंक की स्थानीय शाखा भोगांव कस्बे में वर्ष 2015 में खोली गई थी। 

इस बैंक में उसके साथ अन्य लोगों ने भी निवेश किया। विकास ने बताया कि बैंक में निवेश की गई, धनराशि को समीर अग्रवाल से वापस मांगा गया, उसने धनराशि देने से मना कर दिया। झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। जब सभी पीड़ितों ने दबाव बनाया तो 2024 में बैंक बंद कर दी।

बैंक में निवेशकों की ओर से जमा की गई धनराशि के सारे दस्तावेज उनके पास मौजूद है। बैंक के बंद होने के बाद निवेदक परेशान होने लगे और इधर-उधर भटकने लगे।

इसके बाद उन्होंने समीर अग्रवाल सहित अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज करने के लिए थाना भोगांव में शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने उनकी प्राथमिकी दर्ज नहीं की। पुलिस से सुनवाई न होने के बाद पीड़ित न्यायालय की शरण में पहुंचे। 

इसके बाद न्यायालय के आदेश पर थाना कोतवाली में समीर अग्रवाल, सानिया अग्रवाल, आरके शेट्टी फंड मैनेजर, संजय मुदगिल, शबाब हुसैन, फिल्म स्टार श्रेयस तलपड़े, नरेंद्र नेगी, पंकज अग्रवाल, सुप्रिया, अनुज जैन, अजय श्रीवास्तव और अरविंद त्रिपाठी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। क्षेत्राधिकारी भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी के अनुसार न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी की दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि गोलमाल जैसी मशहूर फिल्मों में काम कर चुके बॉलीवुड अभिनेता श्रेयस तलपड़े भी कंपनी से जुडे़ हैं। इसके अलावा अन्य लोग भी बॉलीवुड से जुड़े हुए हैं। सभी को कंपनी में अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। कंपनी पर इससे पहले भी कई प्राथमिकी दर्ज है, जिसमें जिला जालौन व अन्य जिले शामिल हैं। बताया कि पूरे भारत में कंपनी के ऊपर करीब 450 प्राथमिकी दर्ज हो चुकी हैं।


संबंधित खबरें